भोपाल,28 फरवरी (आरएनएस)। एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार फुटबॉल की तरह ऊपर उठी और आगे जाकर गिरी। हादसे को देखने वाले भी दंग रह गए। गनीमत रही कि कार सवारों को गंभीर चोट नहीं आई।
यह घटना भोपाल के गिन्नौरी रोड की है। हादसा 19 फरवरी को हुआ था, जबकि इसका सीसीटीवी वीडियो शनिवार को सामने आया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस डिवाइडर से कार टकराई, उस पर न रिफ्लेक्टर लगे थे और न कोई चेतावनी बोर्ड। रात के समय डिवाइडर सड़क के रंग में घुल-मिल जाता है, जिससे दूर से आ रहे वाहन चालकों को इसका अंदाजा नहीं लग पाता। तेज रफ्तार कार जैसे ही डिवाइडर से भिड़ी, वह उछलकर आगे जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पहुंचकर मदद की।
सीसीटीवी सामने आने के बाद नगर निगम और ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में कई जगह ऐसे डिवाइडर बने हैं जिन पर संकेतक या रेडियम पट्टी नहीं है, जिससे रात में हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
क्षेत्र के पार्षद समर हुजूर ने वीडियो साझा करते हुए प्रशासन से संबंधित डिवाइडर पर तुरंत रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

