सिवनी 19 जून (आरएनएस)। जिले के 8 युवाओं के भारतीय सेना में चयन होने पर नगर में उनका तथा उन्हें नि:शुल्क शिक्षा एवं शारीरिक प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बारापत्थर स्थित होटल बाहुबली में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल ने चयनित युवाओं और प्रशिक्षक राजा ठाकुर एवं मनोज यादव का अंगवस्त्र व पुष्पमालाओं से सम्मान किया।
इस अवसर पर संतोष अग्रवाल ने कहा कि नि:स्वार्थ भाव से युवाओं को मार्गदर्शन देकर उन्हें देश सेवा के लिए तैयार करना एक प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजा ठाकुर द्वारा वैदिक कोचिंग के माध्यम से युवाओं को नि:शुल्क शैक्षणिक मार्गदर्शन तथा सेवानिवृत्त सैनिक मनोज यादव द्वारा कमांडो एकेडमी के माध्यम से फुटबॉल स्टेडियम में नि:शुल्क शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाता है। दोनों के मार्गदर्शन से जिले के 8 युवाओं का भारतीय सेना में चयन हुआ है।
चयनित युवाओं में अमिताभ जावरे, शिवम पटले, प्रिंस भलावी, लकी ऐडे, अजय सोनी, अनिकेत कटरे, अनुराग डहेरिया एवं संदेश बिसेन शामिल हैं। सभी युवा अब छह माह के प्रशिक्षण के लिए देश के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों पर रवाना होंगे।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद शर्मा, मोहम्मद जिब्राईल मंसूरी, हिमांशु जैन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

