_आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ बिताया समय, एबीसीडी और अंक लिखने पर किया उत्साहवर्धन_
सिवनी 19 जून (आरएनएस)। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शुक्रवार को सिवनी विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र कोहका एवं केकड़वानी के औचक निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताया। उन्होंने बच्चों से दुलारपूर्वक बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे भोजन एवं नाश्ते की गुणवत्ता का स्वयं अवलोकन किया। उन्होंने भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता की जांच की तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बच्चों से कविताएं सुनीं और उन्हें एबीसीडी तथा अंक लिखने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों द्वारा उत्साहपूर्वक कविता सुनाने, एबीसीडी लिखने और अंक पहचानकर लिखने पर उन्होंने उनकी सराहना करते हुए शाबाशी दी और उनका उत्साहवर्धन किया।
श्रीमती मीना ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं। बच्चों को स्नेहपूर्ण वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण पोषण और बेहतर प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को बच्चों के समग्र विकास के लिए नियमित रूप से नवाचार आधारित गतिविधियां आयोजित करने तथा प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

