बांदीकुई ,01 मार्च (आरएनएस)। राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास बांदीकुई क्षेत्र में एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई। यहाँ खेत से अपने घर लौट रही एक नाबालिग लड़की का कार सवार अज्ञात बदमाशों ने सरेआम अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने एक्सप्रेसवे से जयपुर जाने वाले मार्ग पर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार, नाबालिग बालिका अपने खेत से काम खत्म कर घर की ओर पैदल लौट रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेसवे के पास अचानक एक तेज रफ्तार कार आकर रुकी। कार से उतरे बदमाशों ने बालिका को जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया और मौके से फरार हो गए। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और अपराधियों की गिरफ्तारी व बालिका की बरामदगी की मांग को लेकर हाईवे पर उतर आए।
2 घंटे तक ठप रहा हाईवे, पुलिस के छूटे पसीने
घटना से भड़के ग्रामीणों ने करीब 2 घंटे तक हाईवे को जाम रखा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासन का आश्वासन : पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ समझाइश की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि रविवार सुबह 7:00 बजे तक हर हाल में नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
इस ठोस आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए और करीब 2 घंटे बाद हाईवे से जाम हटाया गया।
पुलिस की टीमें दे रही हैं दबिश : लहाल पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवा दी है और एक्सप्रेसवे व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि सुरक्षित माने जाने वाले एक्सप्रेसवे के पास इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

