चंडीगढ़ ,01 मार्च (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर स्व. रोहित धनखड़ हत्याकांड के मामले में न्याय और सम्मान की मांग को लेकर सर्वखाप पंचायत, हरियाणा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मंत्री अरविंद शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर परिवार की सुरक्षा और मृतक खिलाड़ी की स्मृति को संजोने के लिए दो प्रमुख मांगें रखीं। सर्वखाप महापंचायत (13 दिसंबर 2025) में पारित प्रस्तावों के अनुरूप प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के समक्ष मुख्य रूप से जो बिंदु रखे उनमें रोहित धनखड़ अपनी माता के इकलौते सहारा थे। उनके निधन से परिवार पर आए गहरे संकट को देखते हुए, उनकी माता के लिए सम्मानजनक सरकारी नौकरी और उचित आर्थिक सहायता की मांग की गई है। रोहित की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों का सम्मान करते हुए उनके गांव में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम या खेल अकादमी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि आने वाली पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक और त्वरित कार्रवाई करेगी। साथ ही, मंत्री अरविंद शर्मा ने भी पीडि़त परिवार के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए न्यायोचित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही इन निर्णयों को लागू कर रोहित धनखड़ को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेगी।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

