नई दिल्ली , 01 मार्च (आरएनएस) । ग्लोबल पीस इनिशिएटिव के संस्थापक और अंतरराष्ट्रीय शांति प्रयासों के लिए जाने जाने वाले डॉ. के. ए. पॉल ने रविवार को आंध्र भवन, नई दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में विश्व समुदाय से तत्काल युद्धविराम की अपील की। उन्होंने कहा कि इज़राइल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव यदि नहीं थमा, तो यह व्यापक वैश्विक संघर्ष का रूप ले सकता है। डॉ. पॉल ने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने रविवार होने के बावजूद मीडिया को संबोधित करना आवश्यक समझा। “जिस आशंका को मैं पहले से व्यक्त करता रहा हूँ, वही अब सामने दिख रही है। यदि तुरंत कदम नहीं उठाए गए तो यह तीसरे विश्व युद्ध की दिशा में बढ़ सकता है,” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी को वे वॉशिंगटन डी.सी. में थे, जहाँ उन्होंने अमेरिका के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें हाउस स्पीकर माइक जॉनसन सहित कई सीनेटर और कांग्रेस सदस्य शामिल थे, से मुलाकात कर शांति पहल पर चर्चा की। डॉ. पॉल ने कहा कि वे लगातार अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व के संपर्क में हैं और तनाव कम करने के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं इज़राइल और ईरान—दोनों देशों में स्टेट गेस्ट के रूप में जा चुका हूँ और निष्पक्ष शांति वार्ता का अनुभव रखता हूँ। एक बार फिर मैं सभी पक्षों से कहता हूँ—शांति को मौका दीजिए।”
अंत में उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे युद्धोन्मुख बहसों के बजाय शांति और संवाद को प्राथमिकता दें। “दुनिया एक निर्णायक मोड़ पर खड़ी है। अब विनाश नहीं, कूटनीति का रास्ता चुनने का समय है,” उन्होंने कहा।

