जोधपुर 01 March, (Rns) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को अजमेर दौरे के दौरान जोधपुर शहर के लिए महामंदिर से आखलिया चौराहा तक फोरलेन एलिवेटेड रोड निर्माण की घोषणा कर भव्य समारोह में वहीं से इसका शिलान्यास किया। इसे ऐतिहासिक बताते हुए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप यह परियोजना जोधपुर की यातायात व्यवस्था को “चार गुना” राहत देने वाली साबित होगी। शहर के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगी। शेखावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा अजमेर दौरे के दौरान जोधपुर के लिए महामंदिर से अखालिया चौराहे तक 7.6 किमी फोरलेन एलिवेटेड रोड (लगभग 1,243 करोड़ रुपए) का शिलान्यास अभूतपूर्व और क्रांतिकारी बदलाव का सुखद संकेत है। यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को “चार गुना” राहत देगी, ट्रैफिक दबाव कम करेगी और व्यापार-पर्यटन को नई रफ़्तार मिलना सुनिश्चित है। शेखावत ने कहा कि जोधपुर की हार्ट-लाइन माने जाने वाले महामंदिर चौराहा से आखलिया तिराहे तक बनने वाली यह सड़क शहर के सबसे व्यस्त मार्ग पर ट्रैफिक दबाव को काफी हद तक कम करेगी। वर्तमान में इस रूट पर दिनभर भारी यातायात और जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जोधपुर क्षेत्र में विद्युत आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 227 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 220 केवी बालेसर ग्रिड स्टेशन एवं संबंधित ट्रांसमिशन लाइनों के विस्तार को भी स्वीकृति प्रदान की। शेखावत ने कहा कि यह एक अहम निर्णय है। इस परियोजना से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर, निर्बाध और तकनीकी रूप से सक्षम बन सकेगी। प्रस्तावित विस्तार कार्य के अंतर्गत मौजूदा ग्रिड स्टेशन का उन्नयन, अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर क्षमता की स्थापना तथा नई ट्रांसमिशन लाइनों का निर्माण शामिल है। शेखावत ने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद वोल्टेज फ्लक्चुएशन और ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी तथा ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों को बेहतर गुणवत्ता की बिजली उपलब्ध हो सकेगी। विशेष रूप से बालेसर, आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों और जोधपुर शहर के बाहरी हिस्सों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

