बीजापुर, 02 मार्च (आरएनएस)। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में बीजादूतीर स्वयंसेवकों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्टर कार्यालय परिसर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता संबित मिश्रा (कलेक्टर, बीजापुर) एवं नम्रता चौबे (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत) द्वारा की गई। बैठक का उद्देश्य पिछले दो माह में स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करना तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करना रहा। बैठक में विकासखंड भैरमगढ़ एवं भोपालपटनम के सक्रिय बीजादूतीर लीडर्स ने अपने-अपने क्षेत्र में किए गए सामुदायिक कार्यों, जागरूकता गतिविधियों एवं फील्ड अनुभव साझा किए। स्वयंसेवकों ने बताया कि वे समुदाय स्तर पर मलेरिया जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन, शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य एवं बाल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का निरंतर संचालन कर रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर जिला समन्वयक अशोक पाण्डेय ने दो माह की विस्तृत गतिविधि रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने युवोदय ऐप के माध्यम से नियमित रिपोर्टिंग, मलेरिया जागरूकता अभियान, बाल संरक्षण कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियाँ तथा स्कूल प्रबंधन समिति बैठकों के संचालन की जानकारी दी। साथ ही बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। कलेक्टर संबित मिश्रा ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि बीजादूतीर टीम जिला प्रशासन और समुदाय के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने स्वयंसेवकों को शासन की आवास योजना के हितग्राहियों को जागरूक एवं प्रेरित कर योजनाओं को समयबद्ध पूर्ण कराने में सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही मलेरिया जागरूकता अभियान को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षा से वंचित एवं शाला त्यागी बच्चों को पुन: स्कूल से जोडऩे के लिए विशेष अभियान चलाने तथा समुदाय में शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे ने स्वयंसेवकों को शासन की योजनाओं—विशेषकर आवास योजना एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं—का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने, नियमित रिपोर्टिंग बनाए रखने एवं प्रशासन से समन्वय मजबूत करने हेतु प्रेरित किया। बैठक के अंत में कलेक्टर द्वारा बीजादूतीर स्वयंसेवकों के लिए शीघ्र एक्सपोजर विजिट आयोजित करने पर सहमति प्रदान की गई, ताकि वे अन्य क्षेत्रों के सफल मॉडलों का अध्ययन कर अपने कार्यों को और प्रभावी बना सकें। यह समीक्षा बैठक स्वयंसेवकों के उत्साहवर्धन, कार्यों की प्रभावी समीक्षा तथा भविष्य की रणनीति तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। जिला प्रशासन ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए समुदाय के समग्र विकास हेतु उनके निरंतर सक्रिय योगदान की अपेक्षा व्यक्त की गई।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

