जांजगीर-चांपा, 02 मार्च (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में थाना मुलमुला पुलिस ने ग्राम तागा में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
हिला कमांडो दल का गठन
ग्राम तागा में सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को शामिल करते हुए महिला कमांडो दल का विधिवत गठन किया गया। चयनित महिलाओं को कानून व्यवस्था, आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, नशा उन्मूलन अभियान तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध कार्य करने के लिए प्रशिक्षित एवं प्रेरित किया गया। उन्हें उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
नशा मुक्त ग्राम अभियान
ग्राम को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ पुलिस ने ग्रामीणों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक समस्याओं की बड़ी वजह बनता है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के सेवन और बिक्री का विरोध करें तथा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
होली पर्व को लेकर शांति व्यवस्था
आगामी होली त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से महिला कमांडो और ग्राम रक्षा समिति के साथ संयुक्त पैदल पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
ग्राम रक्षा समिति की सक्रिय भूमिका
ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला कमांडो और समिति सदस्यों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस-जन संवाद मजबूत
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने सुरक्षित और सहयोगात्मक वातावरण के निर्माण के लिए पुलिस-जन भागीदारी को आवश्यक बताया।
०



