केंद्रीय गृह मंत्री का तृणमूल सरकार पर तीखा हमला
हेदायतुल्लाह पुरकैत,
मथुरापुर 2 मार्च (आरएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज एक बार फिर चुनावी मौसम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जहां तीखा हमला किया वहीं कहा कि अगर राज्य में तृणमूल को फिर से सत्ता में लाया गया तो यहां अब ‘भाइपोÓ (अभिषेक बनर्जी) का राज होगा, ममता दीदी का नहीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उक्त बात आज शाम से पहले दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर में ‘परिवर्तन यात्राÓ के दौरान एक सभा में कही। शाह ने राज्य में सरकार बदलने पर युवाओं को रोजगार और सरकारी कर्मचारियों के सैलरी स्ट्रक्चर को लेकर कई वादे किए। शाह ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने पश्चिम बंगाल को घुसपैठियों का स्वर्ग बना दिया है। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री कहा कि भाजपा की ‘परिवर्तन यात्राÓ का उद्देश्य बंगाल में बदलाव लाना और राज्य को घुसपैठियों से मुक्त करना है। भाजपा की सरकार आने पर हम यहां से घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकालेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर यहां दिसंबर 2026 तक सभी खाली सरकारी पद भर दिए जाएंगे और नौकरी ढूंढने वालों की मैक्सिमम उम्र सीमा में 5 साल की छूट दी जाएगी।शाह ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अगर उनका नाम टीएमसी की लिस्ट में नहीं है तो वे बीजेपी का हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी ऐसी पार्टी है जो परिवार की राजनीति नहीं करती। शाह ने आगे चेतावनी देते हुए कहा, अगर आपने इस बार भी टीएमसी को वोट दिया, तो बंगाल में ‘भाईपोÓ राज होगा, ममता का नहीं। अमित शाह ने कहा कि, भाजपा बंगाल की भ्रष्ट टीएमसी सरकार को सत्ता से हटाकर विकास के नये युग की शुरुआत करना चाहती है। उन्होंने कहा कि अगर लोग गलती से भी टीएमसी को फिर से सत्ता में ले आते हैं, तो पश्चिम बंगाल की सरकार ममता दीदी की बजाय उनके ‘भतीजेÓ के हाथों में होगी। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति ने बंगाल के विकास पर बुरा असर डाला है। भाजपा का उद्देश्य राज्य में विकास, रोजगार, शहरी-ग्रामीण ढांचे और नागरिकों की प्रतिबद्धता को प्राथमिकता देना है। पार्टी के निर्देशों के अनुसार, इस अभियान का लक्ष्य 1 करोड़ से अधिक जनता तक पहुंचना है। साथ ही शाह ने कम्युनिस्टों पर बंगाल को बर्बाद करने का आरोप लगाया। अमित शाह ने कहा,Ó बंगाल ने बेहद कष्ट झेला है। कई सालों पहले तक कम्युनिस्टों ने बंगाल को बर्बाद कर दिया था। एक समय बंगाल एक समृद्ध और खुशहाल राज्य हुआ करता था. कम्युनिस्टों ने इसे और भी बदतर बना दिया और ममता दीदी ने इसे गरीबी के दलदल में धकेल दिया। अब समय आ गया है कि रवींद्रनाथ टैगोर के सपने ‘सोनार बांग्लाÓ को साकार किया जाए। शाह ने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा बंगाल में बदलाव के लिए है। परिवर्तन का मतलब मुख्यमंत्री बदलना नहीं है, यह आम लोग तय करेंगे। मथुरापुर की उक्त रैली में अमित शाह ने ममता सरकार पर तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दीदी मंदिरों के उद्घाटन में व्यस्त हैं जबकि बंगाल में बाबरी मस्जिद निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ममता सरकार की तुष्टीकरण की नीति ने बंगाल के विकास की कमर तोड़ दी है और राज्य को विनाश की ओर धकेल दिया है।अमित शाह ने रैली के दौरान भ्रष्टाचार, घुसपैठ और परिवारवाद जैसे गंभीर मुद्दों पर टीएमसी को घेरा। उन्होंने बंगाल के पूर्व डीजीपी राजीव कुमार को राज्यसभा भेजे जाने के फैसले पर तंज कसते हुए कहा कि ममता बनर्जी उन लोगों को पुरस्कृत कर रही हैं जिन्होंने बंगाल में भ्रष्टाचार को फलने-फूलने में मदद की। शाह का यह बयान बंगाल की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक निष्पक्षता पर बड़े सवाल खड़े करता है। राजीव कुमार का नाम लेते हुए शाह ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को राज्यसभा भेजना यह दर्शाता है कि ममता सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार के दलदल में डूबी हुई है और वह अपने राजदारों को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

