पूर्व मेदिनीपुर। जिले के पोटाशपुर इलाके में एक सनसनीखेज साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक गृहिणी को लंदन से सोने-हीरे के आभूषण और महंगे उपहार भेजने का लालच देकर साइबर ठगों ने करीब 11 लाख रुपये की चपत लगा दी। पीडि़ता की शिकायत के बाद जिला साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पोटाशपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर इलाके की रहने वाली अंकिता प्रधान मंडल के मोबाइल पर 12 जून को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लंदन का निवासी बताया और बातचीत के दौरान कहा कि उसके माता-पिता नहीं हैं। इसके बाद उसने अंकिता को अपनी बहन बताकर लगातार संपर्क बनाए रखा।
कुछ दिनों बाद आरोपित ने गृहिणी को बताया कि उसने उसके लिए सोने-हीरे के गहनों सहित कई महंगे उपहार भेजे हैं। भरोसा दिलाने के लिए कथित उपहारों की तस्वीरें भी भेजी गईं। इसके बाद खुद को कूरियर कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले दूसरे व्यक्ति ने संपर्क किया और पार्सल छुड़ाने के नाम पर पहले 25 हजार रुपये मांगे। बाद में अलग-अलग कारण बताकर लगातार पैसों की मांग की जाने लगी। आरोप है कि पार्सल में मौजूद गहने केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा रोके जाने की बात कहकर एक लाख 25 हजार रुपये और फिर डॉलर होने का दावा करते हुए करीब सात लाख 50 हजार रुपये मांगे गए। ठगों की बातों में आकर गृहिणी ने अपने सोने के गहने बेच दिए। साथ ही जमीन के दस्तावेज गिरवी रखकर और परिचितों से उधार लेकर कुल 10 लाख 95 हजार रुपये आरोपितों को दे दिए।
जब ठगों ने जीएसटी के नाम पर और 19 लाख रुपये की मांग की, तब महिला को शक हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने पति को पूरी जानकारी दी। पति ने तुरंत जिला साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पीडि़ता ने बताया कि मोबाइल के इस्तेमाल में अनुभव कम होने और भाई-बहन का भरोसा दिलाने की वजह से वह ठगी का शिकार हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

