मुख्यमंत्री ने रंगोत्सव के बीच किया 3500 करोड़ के कल्याणी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
जगदीश यादव
कोलकाता 2 मार्च (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज नेताजी इंडोर स्टेडियम में होली और दोल त्योहार के मौके पर एक कार्यक्रम में से जहां सर्व धर्म सम्भाव का संदेश दिया वहीं केन्द्र के मोदी सरकार को भी सवालों के घेरे में रखा व लगे हाथ कई परियोजनाओं का श्रीगणेश भी किया। यहां से सीएम ने कल्याणी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस परियोजना पर लगभग 3500 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर एसआईआर के दबाव में मृत 36 लोगों के परिजनों में से प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को रोजगार नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया।इसके उपरांत सीएम ने होली उत्सव का आनंद लिया और उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी।
पश्चिम बंगाल हाईवे डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तहत निर्मित इस एक्सप्रेसवे से प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में उद्योग, वाणिज्य और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही उत्तर 24 परगना और नदिया जिलों में लोगों के दैनिक आवागमन का अनुभव बेहतर होगा और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में भी सुधार आएगा। सीएम ममता ने चुनाव आयोग और केंद्र में सत्ताधारी भजापा के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए ममता ने कहा, मैं हैरत में हूं, वे अमानवीय और बदले की भावना से काम कर रहे हैं। लेकिन यह सच है कि, कायर पीछे से वार करते हैं। उन्होंने जानबूझकर वैध वोटरों के नाम हटवाए हैं। मेरे भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र एक छोटा सा क्षेत्र है। मेरे क्षेत्र से 60,000 वोटरों के नाम हटाए जा रहे हैं। लेकिन उसके बाद भी, मैं कह रही हूं, मैं भवानीपुर से जीतूंगी, भले ही एक वोट से। सीएम ने यह भी कहा, उन्हें भगवान पर भरोसा है, मुझे अपनी मां पर भरोसा है, मुझे हिंदुओं, मुसलमानों, बौद्धों पर भरोसा है। मैं धरने पर बैठूंगी, मुझे आपलोग का नैतिक समर्थन चाहिए। सीएम ममता ने कहा, हमलोगों के बंगाल में 1 करोड़ 20 लाख लोगों को उनके मताधिकार से वंचित होना पड़ेगा। बंगाल की तमाम बेटियां शादी के बाद, अपने पति के घर गईं, लेकिन उनका भी नाम काट दिया गया। वैध वोटरों का नाम काट दिया गया। सारी जानकारी देने के बाद भी नाम काट दिया गया। चुनाव आयोगने भेदभाव से काम किया है। वेनिश कुमार गायब हो रहे हैं। लोगों की डेमोक्रेसी खतरे में है। 58 लाख लोगों के नाम बिना वेरिफिकेशन के काट दिए गए हैं।” सीएम ममता ने आरोप लगाया कि, माइक्रो ऑब्जर्वर भाजपा के पदाधिकारी बन गए और लोगों का नाम काट दियए गए। बता दे कि, आज मुख्यमंत्री द्वारा होमगार्ड की नौकरी का नियुक्ति पत्र पाने के बाद मृतक परिवारों के सदस्य सरकार और मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने के लिए भी यहां पहुंचे थे। इस अवसर पर जनता और अधिकारी दोनों ने प्राक-दोल उत्सव का आनंद लिया और परियोजना के महत्व को सराहा। सीएम के अनुसार कल्याणी एक्सप्रेसवे कोलकाता और कल्याणी के बीच 40 किलोमीटर लंबा अत्याधुनिक 4/6 लेन का सिग्नल-फ्री मार्ग है, जिसमें कुल 21 फ्लाईओवर शामिल हैं। इसके एक छोर को निमता में बेलघरिया एक्सप्रेसवे से जोड़ा गया है, जबकि दूसरा छोर गंगा पर निर्माणाधीन ईश्वर गुप्त सेतु और राष्ट्रीय राजमार्ग 12 के बड़े जंक्शन से जुड़ता है। इस मार्ग के खुलने से उत्तर 24 परगना और नदिया जिलों का कोलकाता के साथ संपर्क तेज और सुगम होगा। पहले यह दूरी तय करने में लगभग दो घंटे लगते थे, लेकिन नए सुपर हाइवे के खुलने से यातायात जाम से बचते हुए यात्रा समय आधा हो जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

