हर्बल गुलाल और देसी पिचकारियों की डिमांड, होली-रमजान से बाजार में रौनक
प्रयागराज 3 मार्च (आरएनएस )। सोमवार और मंगलवार को संगम नगरी पूरी तरह फागुनी रंग में रंगी नजर आई। शहर के हर इलाके में रौनक देखते ही बन रही थी। चौक से लेकर सिविल लाइंस तक बाजारों में इतनी भीड़ उमड़ी कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची। सुबह से शुरू हुई खरीदारी देर रात तक चलती रही।
इस बार बाजारों में चाइनीज सामान की जगह देशी पिचकारियों का दबदबा रहा। बच्चों के बीच स्पाइडर मैन और डोरेमॉन डिजाइन की पिचकारियां खूब पसंद की गईं। वहीं युवाओं ने रंग-बिरंगे मुखौटे और विग की जमकर खरीदारी की। बाजारों में अबीर-गुलाल के ऊंचे ढेर ग्राहकों को अपनी ओर खींचते रहे। खास बात यह रही कि लोगों ने केमिकल रंगों की बजाय हर्बल रंगों को ज्यादा महत्व दिया।
दुकानदारों के मुताबिक इस बार पारंपरिक लाल और गुलाबी रंग की तुलना में भगवा और पीले रंग का हर्बल गुलाल ज्यादा बिका। खुशबूदार गुलाल की भी अच्छी मांग रही। कारोबारियों ने बताया कि ग्राहकों ने सेहत को ध्यान में रखते हुए हर्बल रंगों को प्राथमिकता दी।
दुकानों में कपड़ों पर मिल रहे भारी डिस्काउंट ने भीड़ को और बढ़ा दिया। कटरा और कोठा पार्चा में हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। चौक क्षेत्र में भीड़ को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रयाग व्यापार मंडल के अकरम शगुन ने बताया कि होली और रमजान एक साथ होने से बाजार में खास रौनक रही। पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार कारोबार बेहतर रहा और व्यापारियों के चेहरे पर संतोष नजर आया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

