प्रयागराज 3 मार्च (आरएनएस )। सामाजिक दायित्व और मानवीय सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साकार करते हुए रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम ने राजकीय ममता विद्यालय, कौडि़हार में 50 विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के साथ हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ होली का पर्व मनाया। यह विद्यालय विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए स्थापित एक राजकीय संस्थान है, जहाँ उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को होली हैम्पर्स वितरित किए गए, जिनमें रंग, पिचकारी, गुब्बारे, गुजिया सहित अन्य होली सामग्री एवं विशेष भोजन के डिब्बे शामिल थे। रोटेरियन्स ने बच्चों के साथ रंग खेलकर, संवाद कर और उपहार वितरित कर प्रेम, सौहार्द एवं अपनत्व का संदेश दिया। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उत्साह ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।
क्लब के अध्यक्ष डॉ. प्रतीक पांडेय ने बताया कि रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम इस विद्यालय का नियमित रूप से भ्रमण करेगा तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। रोटेरियन अजय शर्मा ने कहा कि इन विशेष बच्चों के साथ होली मनाने का अनुभव अत्यंत भावुक और संतोषप्रद रहा।
क्लब के सचिव संजय तलवार ने इस आयोजन की सफल व्यवस्था के लिए रोटेरियन उमंग टंडन के प्रति आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी रोटेरियन मनीष गर्ग ने विद्यालय प्रशासन से बच्चों की आवश्यकताओं की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि क्लब उनकी जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर सके।
इस अवसर पर रोटेरियन अपूर्व, जय कुमार, उमंग टंडन, सिकंदर अली सहित अन्य रोटेरियन सदस्य भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि राजकीय ममता विद्यालय, कौडि़हार में प्रशिक्षित शिक्षक एवं सहयोगी स्टाफ बच्चों के शैक्षिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण वातावरण प्रदान करते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

