रायपुर, 3 मार्च (आरएनएस) । होली पर्व के मद्देनजर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना खरोरा पुलिस ने जुआ खेलते हुए 6 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश और कुल 14,500 रुपये नगद जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चोरभ_ी खार में सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
मामले में पुलिस ने सुशील चेलक (24) निवासी कुकराडीह, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद, कुंजलाल चेलक (36) निवासी खैरझीटी, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद, राजेन्द्र जांगड़े (35) निवासी तुलसी (डहरिया), थाना खरोरा, जिला रायपुर, चुड़ामणि ध्रुव (42) निवासी बेमचा, जिला महासमुंद, दीपक कुमार खुटे (33) निवासी कुकराडीह, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद, चिंता कुमार आवले (27) निवासी कुकराडीह, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद को गिरफ्तार किउल है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। होली त्योहार को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना खरोरा प्रभारी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस की अपील: पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि त्यौहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
०००

