बलौदा बाजार, 03 मार्च (आरएनएस)। होली पर्व के मद्देनजर अपराधों पर अंकुश लगाने की मुहिम के बीच थाना लवन पुलिस ने सट्टा-पट्टी लिखने वाले दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई समाधान सेल हेल्पलाइन पर मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में चल रही इस विशेष पहल के तहत थाना लवन की टीम ने लवन नगर के बाजार चौक और जोगी तालाब पार क्षेत्र में घेराबंदी की। मौके पर सट्टा-पट्टी लेते हुए राजकुमार साहू (26 वर्ष) और प्रशांत साहू (32 वर्ष) को पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ?1,840 नगद, सट्टा-पट्टी और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ थाना लवन में जुआ एक्ट की धारा 04क एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना समाधान सेल हेल्पलाइन 94792 20392 पर तत्काल दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
०००

