महासमुंद,04 मार्च (आरएनएस)। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोगल में पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने अपने ही 25 वर्षीय बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को घर से दूर एक खेत में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अंजलि टंडन ने थाना पटेवा में अपने पति प्रेम प्रकाश टंडन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। अंजलि ने पुलिस को बताया कि 2 मार्च की रात उसके पति अपने पिता के बुलावे पर ग्राम गोगल स्थित ऐश ब्रिक फैक्ट्री गए थे, जिसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटे।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और परिजनों से पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि ग्राम लखनपुर निवासी प्रेम प्रकाश टंडन (25 वर्ष) 2 मार्च की रात करीब 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल से पिता गंगाराम टंडन के पास गोगल गया था। वहीं किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर पिता-पुत्र के बीच तीखी बहस हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिता गंगाराम टंडन (51 वर्ष) ने बांस के डंडे से बेटे पर हमला कर दिया। लगातार मारपीट से प्रेम प्रकाश को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पिता ने मामला छिपाने के लिए बेटे के शव को घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक सुनसान खेत में फेंक दिया। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
पटेवा पुलिस ने आरोपी गंगाराम टंडन को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

