रायपुर 4 फरवरी 2026 (आरएनएस) होली के जश्न के बीच रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में चार अलग-अलग थाना इलाकों में हुए खूनी घटनाक्रमों ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। रंग-गुलाल, घरेलू विवाद और डांस को लेकर शुरू हुए मामूली झगड़े देखते ही देखते जानलेवा हमलों में बदल गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी मामलों में आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पहली घटना थाना आरंग क्षेत्र की है, जहां नीरज लोधी अपने दो दोस्तों के साथ साहू टी स्टॉल कलई चौक जा रहा था। साहू पारा स्थित संदीप किराना स्टोर के पास पहले से खड़े युवकों ने रंग लगाने के बहाने उनकी बाइक रोक ली और चाबी निकाल ली। मना करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि संजू निषाद और उसके साथियों ने तीनों को बाइक से गिराकर बेरहमी से मारपीट की। संजू निषाद ने लोहे के चूड़े से नीरज के सिर पर वार किया और फिर चाकू से सीने में हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए जाने पर नीरज की मौत हो गई। थाना आरंग में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
दूसरी वारदात थाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मटिया की है। घरेलू विवाद ने इतना विकराल रूप ले लिया कि दो सगे भाइयों ने अपने ही भाई दिनेश कुमार विश्वकर्मा पर हमला कर दिया। कमलेश और अखिलेश विश्वकर्मा ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे और मुक्कों से सिर पर प्राणघातक वार किया, जिससे दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 81/25 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
तीसरी घटना थाना खरोरा क्षेत्र के ग्राम माठ में सामने आई, जहां डांस को लेकर हुए विवाद में मामला खून-खराबे तक पहुंच गया। आरोप है कि हीरा बाई पटेल और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों ने मोहित धीवर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वहीं देवा वर्मा और कमलनारायण यादव पर हंसिया से वार कर उन्हें घायल कर दिया गया, जिनका उपचार जारी है। पुलिस ने महिला आरोपी सहित दोनों बालकों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चौथा मामला थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र का है। रेलवे फाटक के पास स्थित अटल आवास में डांस को लेकर हुए विवाद में गोलू उर्फ कछुवा ने लाला यादव पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में गंभीर चोट लगने के बाद पीड़ित का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।
लगातार हुई इन घटनाओं ने होली के उत्सव को मातम में बदल दिया। रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

