रायपुर 4 फरवरी 2026 (आरएनएस) राजधानी में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कबीर नगर क्षेत्र के सीतानगर गोगांव रोड स्थित अविनाश आशियाना के पीछे भाठा के पास घेराबंदी कर पुलिस ने उत्तरप्रदेश के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को 28.621 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 14 लाख 31 हजार 50 रुपये आंकी गई है। साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 14 लाख 41 हजार 50 रुपये बताई गई है।
मामले में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) और थाना कबीर नगर पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को 3 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा रखकर बिक्री की फिराक में इलाके में मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मौके पर दबिश दी और संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश अग्रहारी, निवासी कुढ़ा थाना नसीराबाद जिला रायबरेली (उत्तरप्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान उसके ट्रॉली बैग और अन्य बैग से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 60/26 धारा 20सी नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया गया और किन-किन ठिकानों पर सप्लाई होना था। अधिकारियों के मुताबिक मामले में एंड-टू-एंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन भी की जा रही है, जिससे नशे के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने गांजा तस्करी के 16 प्रकरणों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार कर 185.002 किलोग्राम गांजा, 2 लाख 5 हजार 700 रुपये नगद, दो चारपहिया वाहन और 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत एक करोड़ पांच लाख सत्रह हजार नौ सौ रुपये से अधिक बताई गई है।

