सुल्तानपुर 6 मार्च (आरएनएस )। देहात कोतवाली क्षेत्र के जनऊपुर गांव में गुरुवार की शाम बच्चों के मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। दो परिवारों के बीच हुए इस विवाद में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है, जिससे गांव में मातम और तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी होमगार्ड वीरेंद्र सोनकर और रमेश सोनकर के परिवार के बीच बच्चों के विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में वीरेंद्र सोनकर और उनके दो बेटे मोहित तथा मंगल को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल मोहित को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के रमेश सोनकर भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन बताया जाता है कि रास्ते में जगदीशपुर के पास पहुंचते-पहुंचते उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में वीरेंद्र सोनकर के पक्ष से तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

