जौनपुर 6 मार्च (आरएनएस )। बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोतने का मामला तूल पकड़ रहा है। यह घटना लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अंबेडकर तिराहे स्थित अंबेडकर पार्क में हुई। इस घटना के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।घटना की जानकारी मिलते ही हजारों की संख्या में बसपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य को जौनपुर शहर की शांति भंग करने का प्रयास बताया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस इस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। बसपा ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। बसपा के वरिष्ठ नेता डॉ. लाल बहादुर सिद्धार्थ ने कहा कि प्रतिमा को खंडित करने और इस घृणित कार्य को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने तत्काल नई प्रतिमा स्थापित करने की भी मांग की। डॉ. सिद्धार्थ ने दूषित मानसिकता वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की बात कही। उन्होंने अंबेडकर तिराहा पर एक पुलिस चैकी के निर्माण की भी मांग की। जब तक चैकी नहीं बनती, तब तक 24 घंटे पुलिस बल तैनात करने की बात कही गई है। तकनीकी और संरचनात्मक सुधारों पर भी जोर दिया गया।खराब सीसीटीवी कैमरे को तत्काल बदलकर नया कैमरा लगाने और प्रतिमा के चारों ओर की बाउंड्रीवॉल को ऊंचा करने की मांग की गई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। एक अन्य महत्वपूर्ण मांग में प्रतिमा की बाउंड्री के बगल में होने वाले होलिका दहन को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने की बात कही गई, जिससे प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

