जौनपुर 6 मार्च (आरएनएस )। आनंद विहार टर्मिनल से गाजीपुर सिटी जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस को केराकत स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन यात्रियों द्वारा चेन पुलिंग कर रोक दिया जाता है। इस कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहने से सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि कई बार यात्री अपनी सुविधा के लिए ट्रेन की चेन खींचकर उसे क्रॉसिंग के पास ही रोक देते हैं। ट्रेन के अनावश्यक रूप से रुक जाने के कारण रेलवे फाटक निर्धारित समय से अधिक देर तक बंद रहता है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।बताया जाता है कि ट्रेन कुछ देर तक ट्रैक पर खड़ी रहने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। खासकर सुबह के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। उस समय बड़ी संख्या में लोग अपने कामकाज, स्कूल और दफ्तर जाने के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में जाम लगने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि चेन पुलिंग की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाए और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि अनावश्यक रूप से ट्रेन रोकने की घटनाओं पर अंकुश लग सके और आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

