तत्काल युद्धविराम और शांति वार्ता के लिए 72 घंटे का अवसर देने की अपील
# कहा — ईरान ने अंततः शांति को एक मौका देने पर सहमति जताई; ईरान, इज़रायल और अमेरिका के बीच वार्ता के लिए दिल्ली, इस्तांबुल और वॉशिंगटन डीसी का प्रस्ताव
नई दिल्ली ,06 मार्च (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय शांति समर्थक और ग्लोबल पीस इनिशिएटिव के अध्यक्ष डॉ. के. ए. पॉल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में दिवंगत आयतुल्लाह खामेनेई के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही और ईरान के राजदूत मोहम्मद फ़ाथली से मुलाकात की और मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच तत्काल युद्धविराम की अपील की। यह बैठक दोपहर 2:25 बजे तिलक मार्ग स्थित ईरानी कल्चर हाउस में और शाम 4 बजे ईरानी दूतावास में हुई, जहां इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह सैय्यद अली खामेनेई के भारत में विशेष प्रतिनिधि आयतुल्लाह इलाही ने डॉ. पॉल से मुलाकात कर ईरान, इज़रायल और अमेरिका से जुड़े मौजूदा संघर्ष पर चर्चा की। ईरानी राजदूत ने भी शांति प्रयासों के लिए डॉ. पॉल का आभार व्यक्त किया। दोनों बैठकों के बाद डॉ. पॉल ने नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि इन चर्चाओं से शांति वार्ता शुरू करने की दिशा में ईरान की ओर से एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। डॉ. पॉल ने कहा कि ईरानी नेतृत्व और भारत में ईरानी राजदूत के साथ उनकी मुलाकात के दौरान संघर्ष को समाप्त करने के लिए संवाद शुरू करने पर विस्तार से चर्चा हुई। उनके अनुसार, ईरानी पक्ष ने शांति को एक मौका देने पर सहमति जताई है और संकट को कम करने के उद्देश्य से बातचीत के लिए तैयार है। डॉ. पॉल ने अमेरिका, इज़रायल और ईरान के नेताओं से इस अवसर का लाभ उठाने और तुरंत वार्ता शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि “युद्ध में हर कोई हारता है और इसका असर दुनिया के हर नागरिक पर पड़ता है। शांति ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है।

