देहरादून 6 मार्च (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एण्ड हेल्थ साइंसेज, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के गाइनी कैंसर सर्जरी विभाग की ओर से आयोजित शिविर में 50 महिलाओं को स्त्री कैंसर के प्रति जागरूक किया गया। शुक्रवार को स्त्री कैंसर जागरूकता कार्यक्रम एवं नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 50 महिलाओं को स्त्री कैंसर के प्रति जागरूक किया गया तथा उनकी पैप स्मीयर जांच की गई। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की सीनियर गाइनी ऑन्कोसर्जन डॉ. यामिनी कंसल ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर उन कुछ कैंसरों में से है जिन्हें प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। यह भारत में महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। देश में लगभग हर आठ मिनट में एक महिला की मृत्यु सर्वाइकल कैंसर से हो जाती है। उन्होंने बताया कि हाई-रिस्क ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण इसका मुख्य कारण है।डॉ. कंसल के अनुसार 9 से 25 वर्ष की आयु के बीच एचपीवी वैक्सीन लगवाने से सर्वाइकल कैंसर का खतरा लगभग 88से 90 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। वहीं 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को नियमित रूप से पैप स्मीयर या एचपीवी टेस्ट कराना चाहिए, जिससे कैंसर के शुरुआती लक्षणों का समय रहते पता लगाया जा सके। डॉ. कंसल ने कहा कि जागरूकता, समय पर जांच और रोकथाम से स्त्री कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने सभी महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

