बिलासपुर 7 मार्च 2026(आरएनएस) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में फर्जी पुलिस बनकर ट्रेलर चालकों को निशाना बनाने वाले दो शातिर आरोपियों को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने टोयोटा शोरूम के पास ट्रेलर वाहन को रुकवाकर खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए चालक को डराया और मोबाइल, नकदी तथा ट्रेलर का बिल्टी पेपर लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से लूटी गई संपत्ति और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 6 मार्च 2026 को थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन तड़के करीब 3:10 बजे वह अपने ट्रेलर वाहन से गुजर रहा था। तभी टोयोटा शोरूम चकरभाठा के पास एक सफेद रंग की टाटा पंच कार में सवार दो युवकों ने उसका वाहन रुकवा लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए ट्रेलर के कागजात और बिल्टी पेपर दिखाने को कहा। जब चालक तुरंत कागजात नहीं दिखा पाया तो आरोपियों ने उस पर दबाव बनाते हुए पैसों की मांग की और उसके पास रखा विवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 1000 रुपये तथा ट्रेलर का बिल्टी पेपर लूटकर मौके से फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 26 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना चकरभाठा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, लूटा गया मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा पंच कार बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में यशराज यादव (22 वर्ष) निवासी पुराना बस स्टैंड के पीछे सरस्वती शिशु मंदिर के पास जांजगीर, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर तथा सुमित दुबे (27 वर्ष) निवासी सरसीवा जिला सारंगढ़, वर्तमान पता अभिषेक विहार कॉलोनी मंगला बिलासपुर शामिल हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा जा रहा है।

