रायपुर/दुर्ग, 07 मार्च (आरएनएस)। दुर्ग जिले में सामने आए अफीम की अवैध खेती के मामले के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सख्त कदम उठाते हुए किसान मोर्चा के नेता विनायक ताम्रकर को पार्टी से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार विनायक ताम्रकर, जो कि प्रदेश संयोजक राइस मिल प्रसंस्करण प्रकोष्ठ किसान मोर्चा और जिला दुर्ग से जुड़े हैं, उनके आचरण को पार्टी की छवि के प्रतिकूल माना गया है। आदेश में कहा गया है कि उनके व्यवहार से पार्टी की छवि धूमिल हुई है और यह कृत्य पार्टी अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय तुरंत लागू होगा।
यह आदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय की ओर से जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और भाजपा दुर्ग जिला अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
गौरतलब है कि हाल ही में दुर्ग जिले के समोदा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था, जिसके बाद इस पूरे प्रकरण को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
००००

