रायपुर, 07 मार्च (आरएनएस)। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन 8 के अंतर्गत जरवाय क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने लगभग 1 एकड़ निजी भूमि पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के मुरूम मार्ग को जेसीबी से काटकर और वहां किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया है।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेशानुसार और जोन 8 की कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 के जरवाय क्षेत्र में अज्ञात भू-स्वामियों द्वारा बिना किसी अनुमति के खेतों में सड़कें बनाई जा रही थीं और प्लॉट काटकर बेचे जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने 12 प्लीन्थ लेवल (नींव के स्तर) तक किए गए अवैध निर्माणों को तोड़ दिया। इसके अलावा, अज्ञात अवैध प्लाटिंगकत्र्ताओं द्वारा बिछाई गई अवैध मुरूम रोड को भी जेसीबी की सहायता से जगह-जगह से काट दिया गया ताकि वहां आवाजाही और निर्माण कार्य पूरी तरह रुक सके। इस पूरी कार्रवाई के दौरान नगर निगम जोन 8 के उपअभियंता अबरार खान सहित नगर निवेश विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी और निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर तक की कार्रवाई की जा सकती है। नगर निगम अब इन जमीनों के खसरा नंबरों की जांच कर भू-स्वामियों को नोटिस जारी करने की तैयारी में है। साथ ही, जिला प्रशासन को पत्र लिखकर संबंधित खसरा नंबरों की रजिस्ट्री पर रोक लगाने की सिफ ारिश भी की जा सकती है।
00

