खडग़पुर ,07 मार्च (आरएनएस)। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले खडग़पुर में अचानक हुए प्रशासनिक फेरबदल ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। राज्य सरकार ने 6 मार्च को खडग़पुर महकमे के सब-डिविजनल ऑफिसर (एसडीओ) पद पर नए अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। बताया जा रहा है कि 2008 बैच के डब्ल्यूबीसीएस (एक्जीक्यूटिव) अधिकारी ज्योति घोष को खडग़पुर का नया एसडीओ नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह राज्य के पर्यटन विभाग में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे। गौरतलब है कि पिछले वर्ष अक्टूबर महीने में ही खडग़पुर में नई एसडीओ सुरभि सिंगला ने पदभार संभाली थी । ऐसे में मात्र चार महीने के भीतर ही फिर से एसडीओ का तबादला किए जाने से कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। इधर, खडग़पुर नगरपालिका को लेकर भी हाल ही में बड़ा प्रशासनिक और कानूनी घटनाक्रम सामने आया था। नगरपालिका बोर्ड को भंग करने के राज्य सरकार के फैसले पर कोलकाता हाई कोर्ट ने स्थगनादेश जारी कर दिया था। इस घटनाक्रम के कुछ ही दिनों बाद 6 मार्च को अचानक एसडीओ का तबादला होने से नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की दूसरी सूची जारी होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां बढ़ गई हैं। हालांकि इस तबादले के पीछे की कोई स्पष्ट वजह राज्य सरकार की ओर से आधिकारिक रूप से नहीं बताई गई है। सरकारी आदेश में केवल “जनहित” में यह नियुक्ति किए जाने का उल्लेख किया गया है। पश्चिम मेदिनीपुर जिले का महत्वपूर्ण प्रशासनिक क्षेत्र होने के कारण खडग़पुर महकमा हमेशा से संवेदनशील माना जाता है। चुनावी दृष्टि से भी इस क्षेत्र का विशेष महत्व है। ऐसे में मतदान से पहले इस प्रशासनिक बदलाव को लेकर जिला प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

