0 अवैध चाकू के साथ एक आरोपी भी पकड़ा गया
रायपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 18 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर की गई। उनके मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों, सक्रिय गुंडा-बदमाशों और शांति भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान थाना विधानसभा क्षेत्र से 2, थाना माना से 2, थाना खरोरा से 1, थाना तिल्दा-नेवरा से 5 तथा पुलिस चौकी सिलयारी क्षेत्र से 8 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया।
इसी दौरान थाना विधानसभा पुलिस ने आरोपी करन नौरंगे के पास से अवैध चाकू बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं थाना खरोरा में दर्ज अपराध क्रमांक 124/26 के तहत पुलिस ने रूपेश उर्फ रूपु गेंडरे (25 वर्ष) निवासी ग्राम भेजरीडीह, वार्ड क्रमांक 9 को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे भी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०००

