महासमुंद, 07 मार्च (आरएनएस)। महासमुंद जिले के सांकरा थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में एक पुलिस आरक्षक सहित तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि आरक्षक फरार बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ओडिशा के बरगढ़ जिले के जगदलपुर निवासी टीटू उर्फ सोलन दास (38) को एक स्कूटी के साथ पकड़ा। उसके पास से पीले रंग के कैरी बैग में करीब 4.87 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि एक मार्च को बसना थाना में पदस्थ आरक्षक पीयूष शर्मा और अखराभांठा निवासी धर्मेंद्र सोनी ने उसे करीब 18 किलोग्राम गांजा लाकर दिया था। इस बयान के आधार पर सांकरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि आरक्षक पीयूष शर्मा फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
000

