ऋषिकेश,07 मार्च (आरएनएस)। हरिद्वार में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने की कोशिश में पैदल मार्च करते हुए जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने शनिवार को रायवाला स्थित नेपालीफार्म में बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस के रोकने पर कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला हरिद्वार-दून नेशनल हाईवे पर गिरने से जख्मी हो गईं। उनके एक हाथ की कोहनी में चोट आई है। प्रदेश अध्यक्ष समेत एक दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस ने बाद में उन्हें छोड़ दिया। महिला कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए ऋषिकेश कोतवाली से फोर्स पहुंची थी। पैदल मार्च के दौरान किसी तरह से पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत एक दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें कोतवाली लाया गया। कोतवाल कैलास चंद्र भट्ट ने प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं समझा-बुझाकर शांत किया। ज्योति रौतेला ने बताया कि कार्यकर्ता सिर्फ केंद्रीय गृहमंत्री से मिलकर उन्हें प्रदेश की बदहाल कानून व्यवस्था से अवगत कराने को ज्ञापन देने के लिए जा रहे थे। उनका मकसद विरोध करना नहीं था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के प्रति अपराध तेजी से बढ़े हैं, जिसमें हत्या की घटनाओं से हर प्रदेश वासी परेशान है। कोतवाल कैलास चंद्र भट्ट ने बताया कि कोतवाली लाने के बाद कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर भेज दिया गया है। पैदल मार्च में आशा मनोरमा शर्मा, उर्मिला ढौंडिय़ाल थापा, अंशुल त्यागी, अंजू मिश्रा, निधि नेगी, अनीता सकलानी, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित, भावना शर्मा, नितिन उनियाल, गौरव रावत आदि शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

