ऋषिकेश,07 मार्च (आरएनएस)। तीर्थनगरी ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली मातृ शक्तियों को सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब दिवाज ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्तीयों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में आशा कार्यकर्ता बबीता शर्मा, सरोजिनी, सोनम, शकुंतला पुंडीर, बबीता धिमान, आशा सेमवाल, संगीता भट्ट, मनीषा, सरिता मनवाल, खजानी गोसाईं, उर्मिला, जयावती, वंदना, राजेश्वरी, निशा नेगी, निर्मला, संगीता नौटियाल, सरस्वती रोतेला रहे। क्लब अध्यक्ष डॉ. शुभांगी रैना ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही आशा बहनों के समर्पण और सेवा भावना का सम्मान करना है। चिकित्सा प्रभारी अधिकारी डॉ. रोहित उपाध्याय ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं, जो मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मौके पर नर्सिंग अधिकारी किरण भण्डारी, नर्सिंग अधिकारी रवि रावत, क्लब अध्यक्ष सचिव माधवी गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
आज निकलेगी मातृ शक्ति देवी दर्शन यात्रा : ऋषिकेश की गढ़ महिला उत्थान समिति द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृ शक्ति देवी दर्शन यात्रा अभियान चलाया जाएगा। समिति की सचिव कृष्णा जयेन्द्र रमोला ने बताया कि विधानसभा ऋषिकेश की महिलाओं को मातृ शक्ति देवी दर्शन यात्रा अभियान के तहत आठ मार्च को भट्टोवाला ग्रामसभा से मातृ शक्तियों को मां सुरकंडा देवी मंदिर निशुल्क यात्रा को लेकर जाएगी। इस योजना का शुभारंभ कल प्रात: 8 बजे भट्टोवाला से किया जाएगा। समिति का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं के साथ-साथ महिलाओं को उत्तराखंड की धरोहर हमारे पौराणिक देवी देवताओं के मंदिरों के विषय में यात्रा के माध्यम से अवगत करवाना है।
डोईवाला में भी महिलाएं नवाजीं : डोईवाला। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी स्नेहा राणा की मां विमला राणा से उनके आवास पर पहुंचकर भेंट की और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके अलावा उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव कमलजीत कौर, नागल ज्वालापुर की प्रधान राखी देवी, नागल बुलंदावाला की प्रधान अंजू देवी, सिमलास ग्रांट की प्रधान सुषमा बोहरा, वार्ड सदस्य नागल ज्वालापुर आशा बहुगुणा सहित 20 मातृशक्तियों को उनके आवास पर जाकर शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मौके पर सुरेंद्र सिंह रावत, ग्राम प्रधान करण रावत, भरत सोलंकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

