ऋषिकेश,07 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ की रायपुर निवासी नीलम लता ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात देकर सेवा की राह चुनी है। एमएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल को अपनी कर्मभूमि बनाया है। वर्तमान में वह रायवाला स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर निशुल्क सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2024 में एमएससी प्रथम वर्ष के दौरान उन्हें यूट्रेस कैंसर का पता चला। जांच में कैंसर चौथे स्टेज में होने की पुष्टि होने पर वह मानसिक रूप से काफी टूट गई थीं। इसके बाद उन्होंने श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के सहयोग से टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में उपचार कराया। लंबे इलाज और संघर्ष के बाद उन्होंने कैंसर पर विजय प्राप्त की। बीमारी से उबरने के बाद उन्होंने नर्सिंग सेवा को ही अपना मिशन बना लिया। उनका कहना है कि मरीजों की सेवा करने से उन्हें जीवन का नया उद्देश्य मिला है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर उन्होंने कहा कि महिलाएं बहुत शक्तिशाली होती हैं। महिलाओं को अपनी कमजोरी को ही ताकत बनाना चाहिए। उन्होंने सभी महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

