उत्तरकाशी,07 मार्च (आरएनएस)। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जिला सहकारी विकास समिति की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सहकारिता के माध्यम से किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही मिलेट मिशन योजना के तहत स्थानीय मोटे अनाजों के उत्पादन और विपणन को बढ़ावा देने और इसमें सुधार लाने के लिए जरूरी कार्य करने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियों की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 36 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियां सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं, जबकि विभाग द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए 42 नई समितियों का गठन किया गया है। सहकारिता के माध्यम से किसानों की आर्थिक उन्नति सुनिश्चित करने को दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत कुल 6004 लाभार्थियों को 5305.89 लाख का ऋण वितरित किया गया है। इसमें 4954 लाभार्थियों को 4557.48 लाख का अल्पकालीन ऋण, 1025 लाभार्थियों को 659.57 लाख का मध्यकालीन ऋण और 25 स्वयं सहायता समूहों को 88.84 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। बैठक में डीएम ने मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट मिशन योजना की प्रगति की भी जानकारी ली। एआर सहकारिता प्रियंका घनसेला ने बताया कि मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के अंतर्गत 16 समितियों के माध्यम से 2798 लाभार्थियों को 5067.40 क्विंटल साइलेज वितरित किया गया और मिलेट मिशन योजना के तहत इस वर्ष 12 समितियों को मिलेट क्रय केंद्र के रूप में स्थापित किया गया, जिनके माध्यम से अब तक 3491.24 क्विंटल मंडुवा की खरीद की जा चुकी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

