कोंडागांव, 07 मार्च (आरएनएस)। जनपद पंचायत बड़ेराजपुर अंतर्गत शनिवार को सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस, आवास दिवस एवं चावल दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को विकसित भारत जी राम राम योजना के प्रावधानों, उद्देश्यों तथा इसके माध्यम से मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं आजीविका संवर्धन के दृष्टिकोण से डबरी निर्माण के महत्व के बारे में भी बताया गया। डबरी निर्माण से जल संरक्षण कृषि एवं पशुपालन जैसे कार्यों में लाभ के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए भी ग्रामीणों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
०

