बिलासपुर, 07 मार्च (आरएनएस)। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में देर रात बीच सड़क पर गुटबाजी कर दहशत फैलाने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लालखदान चौक के पास मारपीट और हंगामा कर रहे इन बदमाशों की हरकत से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को मौके से ही पकड़कर थाने ले आई।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च की रात करीब 8:30 बजे लालखदान चौक के पास कुछ युवक आपस में मारपीट कर रहे थे और सड़क पर जमकर हंगामा कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गुटबाजी कर दंगा कर रहे तीन युवकों को पकड़ लिया। घटना की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 194(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में जय कुमार केवंट (23 वर्ष) पिता जगमोहन लाल केवंट, निवासी सतबिहिनिया मंदिर के पास तोरवा, नंदकिशोर यादव (30 वर्ष) पिता रामा यादव, निवासी लालखदान तोरवा और शोभित निषाद (19 वर्ष) पिता सरवन निषाद, निवासी हेमुनगर तोरवा शामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया है। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाडऩे वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0

