0 एसपी ने बांटी टोपी और सीटी
जांजगीर-चांपा,07 मार्च (आरएनएस)। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमोरा (महंत) में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने और महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों और महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें समाज में सुरक्षा और जागरूकता के लिए आगे आने की अपील की। इसी क्रम में गांव की सक्रिय महिलाओं को शामिल करते हुए 50 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार इस टीम का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाना और महिला संबंधित अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना है।
कार्यक्रम के दौरान महिला कमांडो टीम को उनकी पहचान के लिए टोपी और सीटी भी वितरित की गई, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोगों के बीच आसानी से पहचानी जा सकें। एसपी ने टीम को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में निरीक्षक कमलेश सेंडे, थाना प्रभारी नवागढ़ और थाना स्टाफ भी उपस्थित रहे।

