राजनांदगांव, 07 मार्च (आरएनएस)। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी सुरगी ने नशे में आए दिन घर में विवाद और हंगामा करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भर्रेगांव से एक व्यक्ति ने चौकी सुरगी में फोन कर शिकायत दी कि उसका भाई खेमलाल पटेल रोज शराब पीकर घर आता है और परिवार के लोगों से विवाद व झगड़ा करता है। शनिवार को भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और परिजनों से बहस करते हुए माहौल बिगाडऩे लगा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की।
पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी खेमलाल पटेल, पिता ओंकार पटेल (22 वर्ष), निवासी भर्रेगांव, पुलिस चौकी सुरगी थाना बसंतपुर जिला राजनांदगांव, नशे का आदी है और अक्सर शराब पीकर परिवार के लोगों के साथ विवाद करता है। पुलिस में शिकायत किए जाने पर वह और ज्यादा आक्रोशित हो गया और घर में विवाद बढऩे लगा, जिससे शांति व्यवस्था भंग होने और किसी बड़ी घटना की आशंका बन गई थी।
स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद इस्तगाशा तैयार कर उसे माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
0

