बिलासपुर, 07 मार्च (आरएनएस)। एनटीपीसी सीपत में निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। इस मामले में करीब सात महीने तक चली पुलिस जांच के बाद सीपत पुलिस ने ठेकेदार कंपनी के मालिक और साइट इंचार्ज के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सीपत क्षेत्र के ग्राम पोड़ी निवासी श्याम कुमार साहू (26) और प्रताप सिंह कंवर (22) ठेका कंपनी गोरखपुर कंस्ट्रक्शन में श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। 6 अगस्त 2025 की सुबह वे अपने साथियों संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा के साथ एनटीपीसी सीपत में काम करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर स्टेज-02 यूनिट-05 के पहले फ्लोर पर निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक प्लेटफार्म का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। प्लेटफार्म के मलबे में दबने से श्याम कुमार साहू और प्रताप सिंह कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ऊंचाई से गिरने के कारण उनके तीन साथी भी घायल हो गए। मौके पर मौजूद श्रमिकों और कर्मचारियों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। श्याम कुमार साहू को सिम्स बिलासपुर और प्रताप सिंह कंवर को अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल संत कुमार साहू, प्रिंस यादव और मनीष वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए। अब जांच पूरी होने के बाद सीपत पुलिस ने ठेकेदार कंपनी के मालिक और साइट इंचार्ज के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
त्रिपाठी
०

