बिलासपुर, 07 मार्च (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एनटीपीसी लिमिटेड की सीपत परियोजना में शनिवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परियोजना में कार्यरत महिला कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों की महिला कर्मियों के योगदान को सराहा गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर की वरिष्ठ अधिवक्ता फौजिया मिजऱ्ा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं। समारोह के दौरान महिला कर्मचारियों के कार्यों और संगठन की निरंतर प्रगति में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की गई। साथ ही संविदा महिला श्रमिकों के प्रयासों को भी विशेष रूप से रेखांकित करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इस दौरान कई महिला कर्मियों ने कविता, गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि एनटीपीसी सीपत की महिलाएँ केवल इंजीनियर, चिकित्सक और विभिन्न पेशेवर भूमिकाओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने इस वर्ष की थीम ‘गिव टू गेनÓ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की महिलाएँ सशक्त समाज के निर्माण के साथ-साथ देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रचालन एवं अनुरक्षण, सुरक्षा, अभियांत्रिकी और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि विकसित राष्ट्र के निर्माण में उनका योगदान अत्यंत अहम है।
विशिष्ट अतिथि फौजिया मिजऱ्ा ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए महिलाओं के अधिकारों और उनकी क्षमता के प्रभावी उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही एनटीपीसी में महिला कर्मचारियों के लिए संचालित विभिन्न नीतियों की जानकारी प्राप्त कर उनकी प्रशंसा की। विशेष रूप से गर्भवती महिला कर्मचारियों के लिए संचालित ‘कल्याणी योजनाÓ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी पहल अन्य संस्थानों में भी अपनाई जानी चाहिए।
इस अवसर पर कोमल कृति उरांव को भी सम्मानित किया गया, जिनका चयन छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक सेवा परीक्षा 2024-25 में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के पद पर हुआ है। वह एनटीपीसी सीपत में वरिष्ठ प्रबंधक एस. आर. उरांव की पुत्री हैं।
समारोह में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुरोजित सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं फ्यूल मैनेजमेंट) अशोक सरकार, महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी) विकास खरे सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। महिला कर्मचारियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत और यादगार बना दिया।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

