पश्चिम मेदिनीपुर,07 मार्च (आरएनएस)। जिले के खडग़पुर में आज भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रा का रथ रेल पुल की ऊंची रेलिंग में फंस गया। इस घटना के कारण रथ काफी देर तक वहीं रुका रहा और तय कार्यक्रमों में भी देरी हो गई।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा की परिवर्तन यात्रा नारायणगढ़ के मकरामपुर से शुरू होकर खडग़पुर की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही रथ खडग़पुर के बारबेटिया इलाके में पहुंचा, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया। रथ पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समीक्ष भट्टचार्य भी मौजूद थे। इसके बाद रथ शहर की ओर बढ़ा, लेकिन पुरातन बाजार इलाके के पास स्थित हाथीगोला ब्रिज पर अचानक समस्या खड़ी हो गई। पुल पर लगे रेलवे के ऊंचे रेलिंग से परिवर्तन यात्रा का रथ टकराकर फंस गया। इस वजह से रथ काफी देर तक पुल पर ही खड़ा रहा और आगे नहीं बढ़ सका। स्थिति को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष समीक्ष भट्टचार्य रथ से उतरकर कार से ही मिदनापुर के लिए रवाना हो गए, क्योंकि वहां उनका निर्धारित कार्यक्रम था। बाद में रथ को पीछे लेकर दूसरे रास्ते से आगे भेजा गया। इस घटना के कारण खडग़पुर के कई इलाकों में, जहां आम लोग और भाजपा कार्यकर्ता रथ के स्वागत के लिए इंतजार कर रहे थे, उन्हें काफी देर तक धूप में खड़ा रहना पड़ा। खडग़पुर के इंदा इलाके में प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए रखा गया कार्यक्रम भी अंतत: रद्द करना पड़ा। वहीं भाजपा के जिला अध्यक्ष समित मंडल ने बताया कि रेलवे की ऊंची रेलिंग के कारण रथ पुल पर फंस गया था। मिदनापुर में निर्धारित कार्यक्रम में देरी की आशंका को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष को कार से रवाना होना पड़ा।

