साउथ फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री मीनाक्षी चौधरी अब बॉलीवुड में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि वो अक्षय कुमार की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म के सीक्वल भागम भाग 2 के जरिए हिंदी सिनेमा में अपनी शुरुआत करेंगी। मीनाक्षी ने इसे अपने करियर का एक बड़ा मोड़ बताते हुए कहा कि अक्षय जैसे सुपरस्टार के साथ काम करने का अवसर उन्हें बिल्कुल सही समय पर मिला है।
उन्होंने बातचीत में कहा, मुझे ऐसा लगता है कि ये मौका तब आया, जब मैं बिल्कुल इसी तरह की किसी चीज की तलाश में थी। मैं ऐसी कहानियां ढूंढ रही थी, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके। मैंने बचपन में इस फिल्म का पहला भाग देखा था और मुझे वो बहुत पसंद आया था, इसलिए इस फिल्म का हिस्सा बनना ऐसा लगता है जैसे ये बिल्कुल सही समय पर मेरे पास आई है।
मीनाक्षी ने आगे कहा, इससे पहले कई प्रोजेक्ट्स मेरे पास आए थे, उनकी कहानियों में मेरी उतनी दिलचस्पी नहीं थी, लेकिन जब भागम भाग 2 मेरे पास आई तो इसमें सिर्फ और सिर्फ हंसी और मनोरंजन का एहसास हुआ। मुझे लगता है कि आपकी उम्र चाहे जो भी हो या आप किसी भी भाषा के हों, इस फिल्म की कहानी और इसके किरदार आपसे जरूर जुड़ेंगे। आप चाहे किसी भी भाषा में इसे देखें, आप इसका भरपूर आनंद लेंगे।
अक्षय की कॉमिक टाइमिंग के साथ तालमेल बैठाने के सवाल पर मीनाक्षी बोलीं, मैं सेट पर सबसे बड़ी छात्रा बनकर रहूंगी, जैसे गुरु के पास चेले होते हैं। वो जो कहेंगे, मैं वही सीखने और पालन करने की कोशिश करूंगी। मैं इस सेट पर वही बनने जा रही हूं और उनसे जितना हो सके, उतना सीखने की कोशिश करूंगी। आपको हर दिन किसी ऐसे व्यक्ति के साथ काम करने का मौका नहीं मिलता, जो अपने काम में इतना अद्भुत हो।
इस सीक्वल की कमान ड्रीम गर्ल के निर्देशक राज शांडिल्य के हाथों में है, जिन्होंने फिल्म की कहानी भी लिखी है। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक रिलीज तारीख का खुलासा नहीं किया है। फिल्म में अक्षय के साथ कॉमेडी के बादशाह परेश रावल, मनोज बाजपेयी और अभिनेत्री आयशा खान भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। ये 2006 की सुपरहिट फिल्म भागम भाग का आधिकारिक सीक्वल है, जिसका प्रशंसक सालों से इंतजार कर रहे थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

