चंडीगढ़ 08 March, (Rns) : पंजाब विधानसभा में आज वित्त मंत्री हरपाल चीमा बजट पेश करेंगे। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है, इसमें आज दोपहर 1:11 बजे विधानसभा को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां इस वक्त हाई अलर्ट पर हैं और पूरे परिसर की जांच की जा रही है।
रुकन शाहवाला के रहने वाले इंजीनियर गुरनख सिंह के नाम से भेजे गए इस ईमेल में दावा किया गया है कि यह हमला आईईडी (IED) से भरी कार या ड्रोन के जरिए किया जा सकता है। ईमेल में पंजाब के राजनीतिक नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम लिया गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां ईमेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले की लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं।
बजट पेश किए जाने वाले दिन विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सुरक्षा में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

