ऋषिकेश,08 मार्च (आरएनएस)। वीकेंड पर ऋषिकेश शहर में रविवार को भी पर्यटक और स्थानीय लोगों को जाम के झाम से दो-चार होना पड़ा। पर्यटक वाहनों के दबाव की वजह से मुख्य मार्ग पर दिनभर ट्रैफिक बेपटरी दिखा। आंतरिक मार्गों पर भी इसका प्रभाव साफतौर पर नजर आया। संपर्क मार्गों पर सवारी वाहनों के दौडऩे से यहां भी जाम की समस्या पैदा हो गई। रविवार को सुबह से ही ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र में दिल्ली, एनसीआर, यूपी, हरियाणा आदि राज्यों के पर्यटक जुटने शुरू हुए। दोपहर तक नगर क्षेत्रका मुख्य मार्ग पर शनिवार की ही तरह जयराम चौक से चंद्रभागा पुल तिराहे तक पूरी तरह से पैक रहा। संपर्क मार्ग पर दून रोड, तिलक रोड, रेलवे रोड, यात्रा बस अड्डा मार्ग पर भी ट्रैफिक व्यवस्था इससे चरमराती रही। शाम सात बजे तक मुख्य मार्ग पर कभी जाम, तो कभी स्लो ट्रैफिक की समस्या बनी रही। सवारी वाहनों ने जाम से बचने के लिए आंतरिक मार्गों का रुख किया। यहां भी ट्रैफिक बेपटरी होने से स्थानीय लोगों को फजीहत झेली पड़ी। वहीं, यही स्थिति मुनकिीरेती क्षेत्र में भी बनी रही। कैलास गेट, जानकी सेतु तिराहा, रामझूला तिराहा और तपोवन में मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक रेंग-रेंगकर गुजरता रहा। मुनिकीरेती और आसपास राफ्टिंग के लिए पर्यटकों की भीड़ जुटने से यह परेशानी खड़ी हुई। उधर, यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि शहर के बाजार में सड़क का हिस्सा काफी संकरा है, जिसमें वाहनों का दबाव बढऩे से समस्या होती है। बावजूद, पुलिस यातायात को नियंत्रित रखने के लिए भरसक प्रयास करने में जुटी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

