0 प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मची धूम
0 महिलाएं बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं : घनश्याम देवांगन
भिलाई, 09 मार्च (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सियान सदन हाउसिंग बोर्ड, भिलाई में महिलाओं के लिए अनेक रोचक प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम का रंगारंग आयोजन किया गया। इस अवसर पर आइस्कान की राष्ट्रीय सहसचिव श्रीमती यमला साहू, भाजपा नेत्री दिव्या भसीन, हेलपेज इंडिया के राज्य प्रमुख सुभांकर बिस्वास, भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन एवं लोकार्पण समिति के प्रदेश अध्यक्ष इस्माईल खान विशेष रूप से उपस्थित थे। समारोह में महिला सशक्तिकरण में विशिष्ट योगदान देने वाली अंचल की 8 महिलाओं छाया विश्वकर्मा, अर्चना मूले, तृप्ति नंदी, तारा विश्वकर्मा, लावण्या डे, सुरेखा महोबे, अंजना सातपुते एवं ललिता श्रीवास का यमला साहू एवं इस्माईल खान द्वारा सम्मान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ के अध्यक्ष घनश्याम देवांगन ने कहा कि परिवार एवं समाज के उत्थान में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने रिश्तों में आ रहे गिरावट एवं आए दिन हो रहे लड़ाई झगडे, हत्या, बलात्कार आदि की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाएं बच्चों को संस्कार वान बनाने की महती भूमिका निभाएं। सुभांकर बिस्वास ने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार एवं कर्तव्य मालूम होना चाहिए तभी महिला सशक्तिकरण सफल होगा।
यमला साहू ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए उन्हें आगे आने एवं घर परिवार, समाज सहित हर जगह जिम्मेदारी निभाने की अपील की। दिव्या भसीन ने महिलाओं की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाएं हर तरह के कार्य करने में सक्षम है। इस्माइल खान ने कहा कि वे जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु हरसंभव सहयोग करेंगे। इस अवसर पर महिलाओं के लिए आयोजित रोचक एवं मनोरंजक खेलों में छुपा रूस्तम, चारों खाने चित, रैंप वाक, हाऊजी, प्रश्नोत्तरी, नृत्य, गीत एवं नाटक आदि का आयोजन किया गया। योगा ग्रुप की महिलाओं ने आकर्षक पिरामिड का निर्माण कर वाहवाही लूटी। सभी कार्यक्रमों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं पुरस्कार जीते। सभी विजेताओं को अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर महासंघ की उपाध्यक्ष अर्चना मूले के जन्मदिन पर महासंघ की ओर से उनका सामूहिक जन्मोत्सव मनाकर सम्मान किया गया। समारोह में महासंघ के कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, उपाध्यक्ष अर्चना मूले, लोकार्पण समिति के प्रदेश अध्यक्ष इस्माईल खान, वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष डॉ कांतिलाल विश्वकर्मा, पार्षद प्रदीप सेन, रतनलाल गोयल, एस के नंदी, छाया विश्वकर्मा, कृष्णराव गुजर, मंगलूराम देवांगन, हुकुमचंद देवांगन, एम.आर. निराला, मंदा वासनकर, शोभा गुजर, तृप्ति नंदी, मुकेश कुमार, तारा विश्वकर्मा, लावण्या डे, सुरेखा महोबे, अंजना सातपुते एवं ललिता श्रीवास आदि सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष वर्ग उपस्थित थे। संचालन छाया विश्वकर्मा एवं आभार प्रदर्शन अर्चना मूले ने किया ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामुहिक दीप प्रज्वलन से हुआ। महिलाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया एवं डॉ कांति लाल विश्वकर्मा ने स्वागत भाषण दिया।महिलाओं ने सभी आगंतुकों का स्वागत तिलक लगाकर किया। समारोह का आयोजन हेल्पेज इंडिया एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति हाउसिंग बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ एवं लोकार्पण समिति के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ।
0

