हरिद्वार,09 मार्च (आरएनएस)। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के बाहर वर्षों से रेहड़ी-पटरी लगाकर स्वरोजगार कर रहे लघु व्यापारियों को हटाए जाने के विरोध में सोमवार को उन्होंने नगर निगम पहुंचकर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी का घेराव किया। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में आए व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग की। संजय चोपड़ा ने कहा कि नगर निगम में पंजीकृत और लाइसेंस प्राप्त रेहड़ी-पटरी व्यापारियों को अतिक्रमण के नाम पर हटाया जा रहा है। इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट आ गया है। उन्होंने मांग की कि उन्हें उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली 2016 के तहत योजनाबद्ध तरीके से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापार करने की अनुमति दी जाए। सभी स्ट्रीट वेंडर्स को परिचय पत्र जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हरकी पैड़ी, काली मंदिर मार्ग समेत अन्य क्षेत्रों में लघु व्यापारियों को स्वरोजगार करने की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के बाहर रेलवे रोड के सभी रेहड़ी-पटरी व्यापारियों को स्वरोजगार की अनुमति नहीं दी गई तो नगर निगम का घेराव कर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। घेराव में लालचंद गुप्ता, विजय गुप्ता, भोला यादव, नरसिंह, कपिल, धर्मपाल, सचिन, विकास, कपिल कुमार, विक्की, मोहनलाल, जयसिंह, नरेश, पवन, हरि सिंह और मुरारी लाल आदि समेत लघु व्यापारी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

