हरिद्वार,09 मार्च (आरएनएस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अकादमी हरिद्वार (उत्तराखंड) के तत्वावधान में आरएल पब्लिक स्कूल शांतरशाह के खेल मैदान में महिला खेल दिवस के तहत त्रिकोणीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न खेल अकादमियों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच एनएस स्पोर्ट्स अकादमी रुड़की ब्लॉक और एसएमजेएन डिग्री कॉलेज स्पोर्ट्स अकादमी के बीच खेला गया। इस मुकाबले में एसएमजेएन डिग्री कॉलेज स्पोर्ट्स अकादमी ने 26-17 के स्कोर से नौ अंकों के अंतर से जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला एनएस स्पोर्ट्स अकादमी रुड़की ब्लॉक और आरएल स्पोर्ट्स अकादमी शांतरशाह के बीच खेला गया। इसमें एनएस स्पोर्ट्स अकादमी की टीम ने 13-5 के स्कोर से जीत हासिल की। अंकों के आधार पर एसएमजेएन डिग्री कॉलेज स्पोर्ट्स अकादमी हरिद्वार ने प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। एनएस स्पोर्ट्स अकादमी रुड़की ब्लॉक को रजत पदक मिला। दोनों मुकाबले हारने के बाद आरएल स्पोर्ट्स अकादमी शांतरशाह की टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता में नैंसी और सोनिया ने रेफरी की भूमिका निभाई। स्कोरर के रूप में कनिका ने जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम को सफल बनाने में डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अकादमी हरिद्वार के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

