हरिद्वार,09 मार्च (आरएनएस)। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में किरायेदारों, घरेलू नौकरों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन का अभियान चलाया। इस दौरान किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले 11 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1.10 लाख रुपये का चालान किया गया। पुलिस ने 65 किरायेदारों, घरेलू नौकरों और बाहरी व्यक्तियों का मौके पर ही सत्यापन किया। वहीं, 20 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में सोमवार को चौकी बाजार और रेल चौकी क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर सुभाष नगर, मोहल्ला कड़च्छ, आंबेडकर नगर, सराय, सुभाष नगर, नया गांव और जर्स कंट्री के आसपास के इलाकों में डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान किरायेदारों, घरेलू नौकरों, फड़-फेरी लगाने वालों और अन्य बाहरी व्यक्तियों की जानकारी जुटाकर उनका सत्यापन किया गया। जांच के दौरान पता चला कि कई मकान मालिकों ने अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इस पर पुलिस ने 11 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरेक पर 10-10 हजार रुपये का चालान किया। अभियान के दौरान क्षेत्र में घूम रहे 20 संदिग्ध व्यक्तियों का चालान कर उनसे पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 65 किरायेदारों, घरेलू नौकरों और बाहरी व्यक्तियों का मौके पर ही सत्यापन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक गम्भीर तोमर, अपर उप निरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल अंकुर चौधरी, कांस्टेबल अरुण कोटनाला, कांस्टेबल अनिल चौहान, कांस्टेबल खजान सिंह, कांस्टेबल रवि कुमार और कांस्टेबल सतवीर सिंह शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

