– सड़क सुरक्षा को दर-किनार कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में ढोई जा रहीं सवारियां
हरिद्वार,09 मार्च (आरएनएस)। रायवाला में रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे के बाद भी हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर जोखिम भरा सफर थमता नजर नहीं आ रहा है। हादसे के अगले ही दिन सोमवार को श्यामपुर और हरिद्वार क्षेत्र में सवारियों से भरी कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क पर दौड़ती नजर आईं। इससे सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग कृषि कार्य और माल ढुलाई के लिए किया जाता है। नियमों के अनुसार इन वाहनों में सवारी ढोना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद इस मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लोगों को बैठाकर आवागमन कराया जा रहा है। सोमवार को श्यामपुर क्षेत्र से गुजरने वाले हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सवारियां लेकर गुजरती दिखाई दीं। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी बैठे थे। तेज रफ्तार वाहनों के बीच हाईवे पर इस तरह का सफर हादसे का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की सख्ती के अभाव में इस तरह की लापरवाही जारी है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवारियां ढोना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है बल्कि लोगों की जान के साथ भी खिलवाड़ है।मालूम हो कि रायवाला क्षेत्र में रविवार रात पांच वाहनों की टक्कर के बाद लगी आग में एक महिला की मौत हो गई थी। कई लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर इस तरह के जोखिम भरे परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। वहीं, हरिद्वार में भी सवारियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़क पर दौड़ती नजर आई। ट्रॉली के ऊपर बस जैसी संरचना लगाई गई थी। उस पर कई लोग बैठे दिखाई दिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

