बिलासपुर 10 मार्च 2026(आरएनएस) बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को जाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने बच्चे के जन्मदिन का बहाना बनाकर युवक को घर बुलाया और कथित तौर पर षड्यंत्रपूर्वक उसकी महिला मित्र के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए उकसाया। इसके बाद छिपकर मोबाइल से वीडियो क्लिप बनाकर युवक से एक लाख रुपये की मांग करने लगी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान रोशनी खुंटे (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के हेडसपुर की रहने वाली है और वर्तमान में बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के धुर्वाकारी गांव में रह रही थी।
पुलिस को दी गई शिकायत में प्रार्थी ने बताया कि 1 फरवरी 2026 की शाम वह अपने परिचित महिला मित्र के साथ रोशनी खुंटे के बेटे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने उसके घर गया था। आरोप है कि जन्मदिन की पार्टी शुरू होने से पहले ही रोशनी खुंटे ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को घर से बाहर भेज दिया और प्रार्थी व उसकी महिला मित्र को अपने बेडरूम में जाने के लिए कहा। कमरे में साफ बेडशीट बिछाकर और खिड़की पर पर्दा लगाकर दोनों को संबंध बनाने के लिए उकसाया गया।
प्रार्थी के अनुसार कुछ समय बाद आरोपी महिला ने उसके मोबाइल पर वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजकर दावा किया कि उसने पूरी घटना का वीडियो बना लिया है। इसके बाद महिला ने एक लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
लगातार दबाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित युवक ने 6 मार्च 2026 को पचपेड़ी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी अलग से की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

